
जिला कृषि अधिकारी की अगुआई में उर्वरक दुकानों पर पड़ा छापा, अनियमितता पर एक का लाइसेंस निलंबित
कैमरामैन शाहनूर आलम के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट
फतेहपुर। जनपद के किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कृषि अधिकारी के निर्देशन में जहानाबाद, बिंदकी एवं जोनिहा क्षेत्र की उर्वरक दुकानों पर आकस्मिक छापेमारी की गई। जांच के दौरान कई दुकानों पर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक उर्वरक विक्रेता का प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया, जबकि पांच दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी की टीम ने समिति जहानाबाद, समिति जोनिहा, बाला जी ट्रेडर्स, आलोक खाद भंडार, उत्तम ट्रेडर्स, कृष्णा ट्रेडर्स तथा शुभम ट्रेडर्स जहानाबाद का औचक निरीक्षण किया। जांच में कई दुकानों पर रेट एवं स्टॉक बोर्ड अपडेट नहीं मिले, वितरण पंजिका अद्यतन नहीं पाई गई तथा किसानों को कैश मेमो भी नहीं दिया जा रहा था। इन अनियमितताओं के चलते समिति जहानाबाद, समिति जोनिहा, आलोक खाद भंडार, कृष्णा ट्रेडर्स और शुभम ट्रेडर्स जहानाबाद को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं, गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उत्तम ट्रेडर्स जहानाबाद का उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया गया। साथ ही दुकान से संदिग्ध उर्वरकों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने जनपद के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उनकी जोत (फार्मर रजिस्ट्री) के अनुसार निर्धारित दरों पर बिना किसी टैगिंग के उर्वरक उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।



