
वक़्फ़ संपत्तियों के डिजिटल संरक्षण की दिशा में अहम कदम
जमाअत ए इस्लामी हिन्द व यूपी सुन्नी सेंट्रल वक़्फ़ बोर्ड द्वारा “उम्मीद पोर्टल वर्कशॉप” का सफल आयोजन
कैमरा मैन शहनूर आलम के साथ अमित कुमार
वन फोर्थ न्यूज/फ़तेहपुर,
जमाअत ए इस्लामी हिन्द और उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक़्फ़ बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आज फ़तेहपुर स्टडी सेंटर, बिंदकी बस स्टॉप पर “वक़्फ़ रजिस्ट्रेशन – उम्मीद पोर्टल वर्कशॉप” का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य वक़्फ़ संपत्तियों के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया को जनसाधारण तक पहुँचाना तथा मुतवल्लियों को डिजिटल प्रणाली के माध्यम से वक़्फ़ संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत असद उल्लाह फलाही की तिलावत-ए-क़ुरआन से हुई, जिसके बाद मौलाना अनवार नदवी ने प्रारंभिक संबोधन प्रस्तुत किया।
इसके पश्चात् अब्दुल्ला शहीमी, Co-ordinator, Waqf Cell, Jamat-e-Islami Hind, UP East, ने उम्मीद पोर्टल पर एक विस्तृत प्रेज़ेंटेशन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने पोर्टल के उपयोग, पंजीकरण प्रक्रिया और लाभों को विस्तार से समझाया।
मुख्य अतिथि एस. एम. अफ़ज़ाल काशिफ, कार्यकारी अधिकारी, उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक़्फ़ बोर्ड, ने अपने संबोधन में कहा —
“वक़्फ़ संपत्तियों की सुरक्षा और पारदर्शी प्रबंधन के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन अत्यंत आवश्यक है। सभी मुतवल्ली अपनी संपत्तियों को शीघ्रता से उम्मीद पोर्टल पर पंजीकृत कराएँ ताकि वक़्फ़ संपत्तियाँ सुरक्षित और सुव्यवस्थित रह सकें।”
इस अवसर पर जमाअत ए इस्लामी हिन्द, फ़तेहपुर के नाज़िम अब्दुल रहमान तथा जमीयतुल उलेमा फ़तेहपुर के सदर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वर्कशॉप में औक़ाफ़ की अहमियत, उनके संरक्षण, और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों के सवालों के जवाब दिए गए तथा व्यावहारिक समस्याओं के समाधान भी सुझाए गए। कार्यक्रम में मुतवल्लियों, वक़्फ़ कमेटियों के सदस्यों और स्थानीय जिम्मेदारों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
कार्यक्रम का समापन दुआ के साथ हुआ।



