
पूजा के दौरान जले दीये से लगी आग, कमरे का सारा सामान जलकर राख कैमरा मैन शाहनूर के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट
फतेहपुर। शहर स्थित लालाबाजार में पीलू तले चौराहा के निकट शारदा मिष्ठान भण्डार के ऊपर बने मकान में पूजा के दौरान जलाए गए दीये से अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि परिवार पूजा करने के बाद दीया जलता छोड़कर नीचे दूसरे कमरे में चला गया था। इसी बीच दीये से आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई।
आग लगने से कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित कराने में जुटी रही।
फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुटे रहे। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



