
घर में घुसकर मां-बेटे पर जानलेवा हमला, चाकू और लोहे की रॉड से की मारपीट
फतेहपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत उत्तरी गौतम नगर में सोमवार रात दबंगों ने एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। पीड़ित आदित्य पाण्डेय ने बताया कि 2 मार्च की रात करीब 11 बजे जब वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी मोहल्ले के ही गौहर, उसके बेटों (रेहान, नुमान, अदनान, मिजान, शाबान), भांजे फैज, भाई इमरान और 10 अज्ञात लोगों ने उन पर अभद्र टिप्पणी की।
विरोध करने पर आरोपियों ने आदित्य को दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह घर के अंदर भागा, तो हमलावर भी लोहे की रॉड और हथियारों के साथ घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने आदित्य, उसकी मां और छोटे भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की। दबंगों ने पीड़ित की मां के गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और घर में तोड़फोड़ की।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों के इकट्ठा होने पर हमलावर वहां से भाग निकले। इस हमले में परिवार बाल-बाल बचा। मंगलवार को आदित्य पाण्डेय ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कैमरा मैन शहनूर आलम के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट



