उत्तर प्रदेशक्राइमफतेहपुर

सपा सभासद पर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार


कैमरा मैन शाहनूर आलम के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट

आरोपी पर जबरन गलत हरकत करने की कोशिश का आरोप, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

फतेहपुर। थाना जहानाबाद क्षेत्र के कस्बा कोड़ा स्थित मियां टोला निवासी एक महिला ने समाजवादी पार्टी के एक सभासद पर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता सुफिया पुत्री मुकीम अहमद ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 13 जुलाई 2026 की रात लगभग 10:30 बजे वह प्राइमरी छोटी बजरिया स्कूल परिसर में लगे फ्रीजर से ठंडा पानी लेने गई थीं। उनका आरोप है कि वहां पहले से मौजूद नदीम कसाई ने उन्हें रोक लिया और जबरन गलत हरकत करने का प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जंगल की ओर चलने के लिए दबाव बनाने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनके पुत्र जुनैद को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी। शोर-शराबा और विरोध के बाद आरोपी मौके से भाग गया। अपने शिकायती पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी नदीम कसाई वार्ड नंबर-1, मियां टोला, कोड़ा, जहानाबाद का निवासी है तथा समाजवादी पार्टी का सभासद है। शिकायत में उसने आरोपी पर गोकशी, भैंस चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों तथा जमीनों पर अवैध कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का क्षेत्र में प्रभाव है, जिसके कारण लोगों में उसके खिलाफ आवाज उठाने का डर बना रहता है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से कहा है कि घटना के बाद वह और उनका परिवार भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है। उन्हें आशंका है कि आरोपी भविष्य में उनके या उनके बेटे के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है। इसलिए उन्होंने मामले में तत्काल निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *