
शहीद डिप्टी कलेक्टर हिकमतुल्लाह को श्रद्धांजलि, बलिदान दिवस पर हुई गोष्ठी
कैमरामैन शाहनूर आलम के साथ दिलीप कुमार सिंह की रिपोर्ट
स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को किया याद, कोतवाली स्थित स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित
फतेहपुर। शहीद डिप्टी कलेक्टर हिकमतुल्लाह के बलिदान दिवस पर रविवार को शहीद हिकमतुल्लाह सेवा संस्थान की ओर से शहीद इकबालुल्लाह पार्क में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के जिला अध्यक्ष मोहीउद्दीन एडवोकेट ने की मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद फतेहपुर के अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एडवोकेट एवं बार एसोसिएशन अध्यक्ष बाबू सिंह यादव एडवोकेट मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में बार एसोसिएशन के महामंत्री अनुराग मिश्रा, जहानाबाद से एआईएमआईएम के पूर्व विधायक प्रत्याशी अखिलेश पाल तथा जमीयत उलेमा के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल मोहित शामिल रहे।गोष्ठी को संबोधित करते हुए मोहीउद्दीन एडवोकेट ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में डिप्टी कलेक्टर हिकमतुल्लाह ने क्रांतिकारियों का साथ देते हुए जेल के ताले खुलवाकर कैदियों को मुक्त कराया था। इसके बाद 10 जून 1857 को क्रांतिकारियों ने फतेहपुर पर कब्जा कर लिया और नाना साहब ने हिकमतुल्लाह को फतेहपुर का शासक (चकलेदार) नियुक्त किया। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई 1857 को मेजर हैवलॉक और मेजर रेनॉल्ट की संयुक्त सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर बिना मुकदमे के तत्कालीन कोतवाली गेट पर फांसी दे दी थी। उन्होंने करीब 32 दिनों तक फतेहपुर में स्वतंत्र शासन स्थापित किया था।
इस अवसर पर कैप्टन गुलशन अहमद ने कहा कि देश आज स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की बदौलत आजाद है। वहीं फजरुल रहमान (असलम मास्टर) ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेने और उनके इतिहास को याद रखने का आह्वान किया।गोष्ठी के बाद सभी अतिथि एवं उपस्थित लोगों ने कोतवाली स्थित शहीद हिकमतुल्लाह स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि दी। इस दौरान फरजाना उद्दीन एडवोकेट, अमर सिंह एडवोकेट, आज़ाद फारूकी एडवोकेट, मोहम्मद आसिफ एडवोकेट, सैयद फैजान एडवोकेट, प्रमोद एडवोकेट, अब्दुल सुहैल एडवोकेट, असलान जाफरी, हेमंत एडवोकेट, नौशाद एडवोकेट, शिवम यादव एडवोकेट, जीशान एडवोकेट, इफ्तिखार अहमद, शमशाद अली, सिराज, दानिश समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



