
आवारा कुत्तों के हमले में 14 भेड़ों की मौत, पीड़ित परिवारों से मिले सांसद नरेश उत्तम पटेल
कैमरा मैन शहनूर आलम के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट
फतेहपुर: जनपद के सदर विधानसभा अंतर्गत ग्राम इकारी (मजरे बुधैयापुर) में रविवार सुबह आवारा कुत्तों के झुंड ने कहर बरपाया। कुत्तों ने तीन पशुपालक परिवारों—महेश पाल, गोवर्धन पाल और राज दुलारी पाल की 14 भेड़ों को मार डाला, जबकि 5 अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस आर्थिक क्षति से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सांसद माननीय नरेश उत्तम पटेल तत्काल पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी, एसडीएम सदर और तहसीलदार को फोन कर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसी दौरान सदर विधायक माननीय चंद्र प्रकाश लोधी भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया।
सांसद जी ने जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की बात कही। उन्होंने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि वे हर संभव व्यक्तिगत मदद करेंगे और सरकार पर आर्थिक सहायता के लिए दबाव बनाएंगे। जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के चलते अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन शुरू किया।



