
कैमरा मैन शहनूर आलम के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट
फतेहपुर : सुसाइड नोट के आधार पर 4 आरोपी गिरफ्तार, एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी से परेशान थे मृतक, एक आरोपी की तलाश जारी।
फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौफेरवा में हुए सनसनीखेज ट्रिपल डेथ मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।घटना 11 मार्च 2026 की है। ग्राम चौफेरवा निवासी सुशील श्रीवास्तव ने पड़ोसियों की मदद से सब्बल से घर का दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे में उनकी पत्नी सुशीला श्रीवास्तव, पुत्र अमर श्रीवास्तव और छोटे भाई सुनील कुमार श्रीवास्तव रक्तरंजित अवस्था में पड़े थे। मौके पर ही सुशीला और अमर की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके का निरीक्षण प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने भी किया।घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को रक्तरंजित दो ब्लेड, सल्फास के पाउच, केमिकल का डिब्बा और दो गिलास मिले, जिनसे सल्फास की गंध आ रही थी। वहीं मृतक अमर श्रीवास्तव द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। सुसाइड नोट में अमर ने खुद को कर्ज में डूबा बताया और कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार परेशान करने तथा एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने की बात लिखी थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों मृतकों के गले और कलाई पर ब्लेड से कटने के निशान थे। कमरे के फर्श पर खून फैला था और दीवारों पर खून के छींटे थे, लेकिन घटनास्थल पर संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। मृतक के पिता सुशील श्रीवास्तव ने भी पुष्टि की कि बरामद सुसाइड नोट उनके बेटे अमर की लिखावट में है और उन्होंने इसे आत्महत्या की घटना माना है।सुशील श्रीवास्तव की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाना में मुकदमा संख्या 77/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों दिलीप उर्फ पप्पू त्रिवेदी निवासी कलक्टरगंज, संजय सिंह निवासी उत्तरी गौतम नगर, शुभम कुमार कश्यप निवासी मुराइनटोला और सोनू कुमार रैदास निवासी कोराई (हाल पता गढ़ीवा) को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं एक अन्य आरोपी राहुल श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हेमंत मार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अविनाश मिश्रा, उपनिरीक्षक गुलाब चन्द्र मौर्य, कांस्टेबल राकेश सिंह, रामकुमार पाराशर और रामकुमार की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है।



