
कलेक्ट्रेट में गूंजा जनसुनवाई का असर! डीएम निधि गुप्ता वत्स ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
कैमरा मैन शाहनूर आलम के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट
फतेहपुर 56 शिकायतें दर्ज—लापरवाही पर अफसरों को फटकार
मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर फरियादियों की भीड़ से गुलजार रहा, जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान डीएम ने एक-एक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, ऐसे में किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ता को राहत दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनसुनवाई में कुल 56 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, पेंशन, भूमि विवाद, कब्जा, आवास सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। डीएम ने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर मौके पर जांच कराई जाए और शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि फरियादियों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि एक ही छत के नीचे उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो। इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखें।
जनसुनवाई के दौरान कई फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट में सुबह से ही फरियादियों का आना-जाना लगा रहा और जनसुनवाई समाप्त होने तक परिसर में भीड़ बनी रही।



