
जिलाधिकारी ने किया मलवा औद्योगिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त निर्देश
कैमरा मैन शहनूर आलम के साथ अमित कुमार की रिपोर्ट
फतेहपुर | 04 मई 2026 जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने आज मलवा औद्योगिक क्षेत्र में यूपी सीडा (UPSIDA) द्वारा निर्माणाधीन नाले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में पाई गई कमियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। नाले के किनारे जमा मिट्टी को एक सप्ताह के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए ताकि आवागमन बाधित न हो। उद्यमियों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नाले का स्लोप (ढाल) सड़क से ऊपर रखा जाए, जिससे वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर नाले में न गिरें। कैंची मोड़ पर बने नाले की समस्या के समाधान हेतु PD NHAI को टेंडर डॉक्यूमेंट्स के साथ विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नाले की वजह से किसी नागरिक के साथ दुर्घटना होती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने आगामी बरसात से पूर्व सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि उद्यमियों को जलभराव से राहत मिल सके। इस दौरान एसडीएम बिंदकी प्रियंका अग्रवाल और जीएमडीआईसी अजय कुमार गुप्ता समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



